अंतरा सबक्यूटेनियस (एमपीए-एससी) सेवा विस्तार को लेकर सदर अस्पताल में रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित

Breaking news News बिहार

सीतामढ़ी।

सदर अस्पताल सीतामढ़ी के सभागार में गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. रवीन्द्र कुमार यादव की अध्यक्षता में अस्पताल के सभी एएनएम, जीएनएम एवं स्टाफ नर्सों के लिए परिवार नियोजन के आधुनिक अस्थायी साधन अंतरा सबक्यूटेनियस (एमपीए-एससी) पर एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों की दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं विभागों में इस सेवा का विस्तार सुनिश्चित करना रहा।
उपाधीक्षक डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि अंतरा सबक्यूटेनियस सेवा को सुदृढ़ बनाकर अधिक से अधिक योग्य दंपत्तियों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। अस्पताल प्रबंधक विजय झा ने बताया कि एमपीए-एससी परिवार नियोजन का अत्याधुनिक, सुरक्षित एवं प्रभावी अस्थायी साधन है, जिसे इच्छुक योग्य दंपत्तियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर डॉ. पूनम ने प्रतिभागियों को एमपीए-एससी के उपयोग, लाभ एवं सेवा प्रदान करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। सिविल सर्जन डॉ. रवीन्द्र कुमार यादव ने कहा कि एमपीए-एससी के क्षेत्र में सीतामढ़ी का प्रदर्शन राज्य में बेहतर है। उन्होंने टीकाकरण, ओपीडी, प्रसव वार्ड, ओटी तथा एएनसी सहित सभी प्रमुख विभागों में इस सेवा की शुरुआत करने का निर्देश दिया, ताकि जिला राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर सके।
कार्यक्रम में पीएसआई-इंडिया के प्रतिनिधि नृपेन्द्र कुमार, विनय कुमार सिंह एवं मनोहर कुमार ने भी परिवार नियोजन कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दो बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल बनाए रखना माँ एवं शिशु के बेहतर स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण के लिए अत्यंत आवश्यक है।