
शिवहर : राष्ट्रीय जनता दल बिहार इकाई में संगठनात्मक बदलाव की आंधी। प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और प्रधान महासचिव रणविजय साहू ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के निर्देश पर आज 6 अगस्त 2026 से बिहार RJD के सभी स्तरों के संगठन को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।
पार्टी कार्यालय से जारी पत्रांक 101 दिनांक 22 जनवरी 2025 के आलोक में यह फैसला लिया गया है। नए आदेश के मुताबिक प्रदेश के सभी जिला, प्रखंड, पंचायत स्तर और सभी प्रकोष्ठों की मौजूदा इकाइयां अब भंग मानी जाएंगी।
तेजस्वी यादव के निर्देश पर बड़ा कदम
शिवहर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नवनीत कुमार झा ने बताया कि यह फैसला तेजस्वी यादव के सीधे निर्देश पर लिया गया है। पार्टी अब जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और नए चेहरों के साथ संगठन को मजबूत करेगी।

जल्द शुरू होगा पुनर्गठन
प्रदेश नेतृत्व ने साफ किया है कि सभी स्तरों पर संगठन का पुनर्गठन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। नए सिरे से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि RJD का यह कदम आगामी राजनीति को देखते हुए कार्यकर्ताओं में नई जान फूंकने और निष्क्रिय नेताओं को दरकिनार करने के लिए उठाया गया है।
