गैस सिलेंडर वितरण की व्यवस्था हुई सुदृढ़, दंडाधिकारी की निगरानी में होगा वितरण

Breaking news News बिहार



मुजफ्फरपुर
13 मार्च, 2026


जिले में गैस सिलेंडर के सुचारू एवं व्यवस्थित वितरण को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी द्वारा विभिन्न गैस वितरण केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी ने जानकारी देते हुए बताया कि कल से गैस सिलेंडर का वितरण दंडाधिकारी की निगरानी में कराया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं को समय पर और पारदर्शी तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध हो तथा वितरण के दौरान अव्यवस्था या किसी प्रकार की अनियमितता की स्थिति उत्पन्न न हो।



उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अनुमंडल स्तर पर एक विशेष धावा दल का भी गठन किया गया है। यह दल लगातार निगरानी करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करेगा।

इसके अतिरिक्त अनुमंडल स्तर पर गैस डिस्ट्रीब्यूटरों के साथ बैठक भी आयोजित की गई है , जिसमें उन्हें पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप गैस वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये हैं। जिला प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे सुचारु, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वितरण की व्यवस्था बनाने में प्रशासन को सहयोग दें।