
शिवहर | कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को शिवहर जिले के पुरनहिया प्रखंड स्थित मेजर शहीद चंद्रभूषण द्विवेदी के पैतृक गांव बखार चंडिहा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा मंडल अध्यक्ष सरोज सिंह ने किया।
कार्यकर्ताओं ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर अगरबत्ती जलाई और ‘भारत माता की जय’ एवं ‘शहीद मेजर चंद्रभूषण द्विवेदी अमर रहे’ के नारों से स्मारक स्थल गूंज उठा!
मेजर चंद्रभूषण द्विवेदी 315 फील्ड रेजीमेंट के सेकेंड-इन-कमांड थे। कारगिल युद्ध यानी ऑपरेशन विजय के दौरान 2 जुलाई 1999 को द्रास सेक्टर में टाइगर हिल पर दुश्मनों से लड़ते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनका जन्म शिवहर जिले के पुरनहिया ब्लॉक के चंडिहा गांव में हुआ था!
भाजपा जिला महामंत्री विनय कुमार सिंह ने माल्यार्पण करते हुए कहा कि मेजर साहब ने विश्व की सबसे ऊंची पहाड़ी पर पाकिस्तानी सैनिकों से लड़ते हुए अपनी शहादत दी। कारगिल में शहीद सभी वीर सपूतों को हम नमन करते हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि शहीद के स्मारक तक जाने के लिए रास्ता नहीं है, इसलिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण कर रास्ता बनाया जाए। साथ ही पुरनहिया बसंतपट्टी चौक का नाम मेजर चंद्रभूषण द्विवेदी के नाम पर रखने और वहां उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी की।
इस अवसर पर शिवलला सिंह उपेंद्र कुशवाहा,मुकेश सिंह,रामविनय सिंह,लक्ष्मण साह,सुशांत शेखर द्विवेदी,अनिल कुमार श्रीवास्तव, समाजसेवी कुश द्विवेदी,अवधेश साह, उपाध्यक्ष हरिकिशोर साह,अशोक द्विवेदी, मंजय साह सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
