पेपरलेस रजिस्ट्री का समर्थन, आम जनता को राहत और पारदर्शिता की दिशा में स्वागतयोग्य कदम : मुकुंद सिंह

Breaking news News बिहार

शिवहर ।

जिला निबंधन कार्यालय में पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में हुए प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिवहर जन जागरण मंच के संस्थापक मुकुंद सिंह ने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था का स्वागत किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि वर्षों से रजिस्ट्री प्रक्रिया में बिचौलियों और दलालों की भूमिका के कारण आम लोगों को अनावश्यक आर्थिक बोझ और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता रहा है। पेपरलेस व्यवस्था लागू होने से रजिस्ट्री प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल, समयबद्ध और जवाबदेह बनेगी, जिससे भ्रष्टाचार एवं दलाली पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

मुकुंद सिंह ने कहा कि यदि नई व्यवस्था से किसी वर्ग के रोजगार पर प्रभाव पड़ता है, तो सरकार को उनके लिए वैकल्पिक रोजगार एवं कौशल विकास की व्यवस्था करनी चाहिए। लेकिन जनहित में किए गए सुधारों का केवल इस आधार पर विरोध उचित नहीं है कि इससे पुरानी व्यवस्था में जुड़े कुछ लोगों के हित प्रभावित होंगे।

उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि आम नागरिक बिना किसी बिचौलिए के सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से अपनी रजिस्ट्री करा सकें।