चंपारण की खबर::मोतिहारी DM सौरभ सुमन यादव ने किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी

Breaking news News बिहार

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने गुरुवार को मोतिहारी अंचल कार्यालय, प्रखंड कार्यालय और आरटीपीएस काउंटर का अचानक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे डीएम को देखकर प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, फाइलों के रख-रखाव, साफ-सफाई और भवन की स्थिति को बारीकी से देखा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे बात कर आम जनता को मिल रही सुविधाओं और लंबित कार्यों की जानकारी ली।

इस दौरान कई खामियां सामने आईं। कार्यालयों में फाइलें अव्यवस्थित मिलीं और कुछ जगहों पर साफ-सफाई की कमी दिखी। कुछ कार्यालय जर्जर भवनों में संचालित हो रहे थे जिसे डीएम ने कर्मचारियों और आम लोगों के लिए असुरक्षित बताया। साथ ही जनता के आवेदन और शिकायतों के समय पर निपटारे में देरी की बात भी सामने आई।

इन खामियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसेवा से जुड़े सभी कार्यों का निष्पादन तय समय में हो और कार्यालयों में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कहा कि भूमि से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी।

डीएम ने केंद्रीय मेडिकल कॉलेज के लिए 25 एकड़ और केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए 5 एकड़ भूमि शीघ्र उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया। उन्होंने जर्जर भवनों में चल रहे कार्यालयों को तुरंत सुरक्षित और बेहतर स्थानों पर स्थानांतरित करने को कहा। इसके अलावा कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बेहतर करने और जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने की हिदायत भी दी।
डीएम के औचक निरीक्षण के बाद अब प्रशासनिक कार्यालयों में कामकाज में तेजी देखी जा रही है।