
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले के सभी अनुमंडल में संबंधित डीएसपी अपने-अपने क्षेत्र में अपराधियों के घरों की कुर्की करने के लिए सुबह से ही निकल पड़े। इसी क्रम में पकड़ीदयाल अनुमंडल क्षेत्र में डीएसपी कुमार चंदन के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है। फरार एवं वांछित अपराधियों के घरों पर पहुंचकर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पुलिस प्रशासन का साफ संदेश है कि अपराध कर फरार रहने वालों को अब किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत यह कार्रवाई की जा रही है, ताकि अपराधियों पर दबाव बनाया जा सके और वे जल्द आत्मसमर्पण करें। इस सख्त अभियान से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं अरेराज, चकिया सहित सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्र में कुर्की अभियान चलाया गया। जिससे फरार अपराधियों एवं उनके परिजनों में हड़कंप मचा रहा।
