
जिलाधिकारी के निर्देश पर दामोदरपुर में लगा विशेष कैंप
मुजफ्फरपुर में चंदवारा फेज-2 परियोजना के तहत भू-अर्जन की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर दामोदरपुर में गुरुवार को विशेष शिविर लगाया गया तथा एलाइनमेंट में आने वाले भू-धारियों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए गए, ताकि नियमानुसार मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जा सके।
यह परियोजना जेल चौक से सिपाहपुर होते हुए ओल्ड एनएच दरभंगा तक डॉ. जगन्नाथ मिश्रा कॉलेज के समीप लगभग 2050 मीटर लंबे अप्रोच पथ फेज-2 निर्माण कार्य से संबंधित है। इस बाबत प्रशासनिक स्तर पर तेजी लाते हुए जिला भू-अर्जन कार्यालय, अंचल कार्यालय की टीम तथा पुल निर्माण निगम के अभियंताओं ने संयुक्त रूप से शिविर में भाग लिया। शिविर के दौरान भू-धारियों से भूमि से संबंधित आवश्यक कागजात एवं अभिलेख प्राप्त कर संधारित किए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो । परियोजना को मार्च 2027 तक पूर्ण कर आम जनता को समर्पित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस दिशा में जिलाधिकारी ने पहले ही दामोदरपुर, भगवतीपुर एवं हरपुर मौजा में भूमि अधिग्रहण के लिए प्राक्कलित राशि की स्वीकृति प्रदान कर दी है तथा कार्यकारी एजेंसी पुल निर्माण निगम से राशि की अधियाचना भी की जा चुकी है। वहीं जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को शेष दो मौजा—सिपाहपुर और चक मोहब्बत—का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर आवश्यक राशि की मांग पुल निर्माण निगम से करने का निर्देश दिया है।
परियोजना के पूर्ण होने के बाद शहर के यातायात दबाव में कमी आने के साथ लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
