चंपारण की खबर;:महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के 11 विद्यार्थी सहायक प्राध्यापक पद के लिए चयनित

Breaking news News बिहार

मोतिहारी , राजन।

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के 11 विद्यार्थियों का चयन बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC), पटना द्वारा सहायक प्राध्यापक पद के लिए किया गया है। यह उपलब्धि विभाग की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा तथा विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं शोध के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
चयनित विद्यार्थियों में अहमद अली अख्तर, अमित विक्रम, डॉ. अशोक कुमार चौधरी, डॉ. लोकेश कुमार पांडेय, नवनीत कुमार, राज कुमार, राजू कुमार, रंजीत कुमार, ऋषभ रंजन, समीक्षा राज तथा संदीप कुमार शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों में अनेक विद्यार्थी यूजीसी-नेट उत्तीर्ण हैं, कुछ जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) हैं, जबकि कई शोधरत अथवा पीएच.डी. उपाधिधारी हैं। यह विभाग की सुदृढ़ शैक्षणिक एवं शोध संस्कृति को दर्शाता है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने सभी चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शोध-उन्मुख वातावरण तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित विद्यार्थी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर विश्वविद्यालय का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगे।
समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. सुजीत कुमार चौधरी ने भी सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विभाग सदैव विद्यार्थियों में अकादमिक उत्कृष्टता, शोध-दृष्टि, आलोचनात्मक चिंतन तथा सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। विद्यार्थियों की यह सफलता विभाग के शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन, परिश्रम और विद्यार्थियों की लगन का परिणाम है।

विश्वविद्यालय परिवार ने सभी चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे उच्च शिक्षा जगत में उत्कृष्ट शिक्षण एवं अनुसंधान के माध्यम से समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।