रामपुर मनिहारान/सहारनपुर/उप्र/में नए कोतवाली प्रभारी का सख्त संदेश, अपराधियों को नहीं मिलेगी कोई राहत, पत्रकारों से मांगा सहयोग

Breaking news News उत्तरप्रदेश

रिपोर्ट वैभव गुप्ता।

रामपुर मनिहारान कोतवाली का नवागत थानाध्यक्ष उम्मेद कुमार ने पदभार संभालते ही साफ कर दिया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं होगी। उन्होंने रविवार को पत्रकारों के साथ आयोजित परिचय बैठक में दो टूक कहा कि शांति बनाए रखना और पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है।पत्रकारों को समाज का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि वे आम जनता और प्रशासन के बीच सेतु का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार जमीनी स्तर पर रहकर हर घटना को करीब से समझते हैं, इसलिए उनकी भूमिका बेहद अहम है। अगर पुलिस और मीडिया मिलकर काम करें तो किसी भी तरह के अन्याय और शोषण को रोका जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में गौकशी, अवैध नशे का कारोबार, जुआ-सट्टा और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो। कोतवाल ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। बैठक में मौजूद वरिष्ठ पत्रकार मनोज शर्मा और डॉ. ताहिर मलिक ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि पत्रकार हमेशा प्रशासन का सहयोग करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस भी समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी, जिससे सही और तथ्यात्मक जानकारी जनता तक पहुंच सके। इस मौके पर एसआई ललित कुमार सहित कई पत्रकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें विपुल जैन, राजन गुप्ता, तारिक सिद्दीकी, डॉ. अनुज सैनी, कन्हैया गुप्ता, सुशील शर्मा, अमजद सिद्दीकी, नाजिम अहमद, वरदान और घनश्याम दास प्रमुख रूप से शामिल रहे।