चंपारण की खबर::भाद्रपद शुक्ल पूर्णिमा 07 को लगेगा चन्द्रग्रहण : सुशील पांडेय

Breaking news News बिहार

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

भाद्रपद शुक्लपक्ष पूर्णिमा रविवार तदनुसार 07 सितम्बर को चन्द्रग्रहण लगेगा और यह स्पर्श से लेकर मोक्ष तक सम्पूर्ण भारतवर्ष में दिखाई देगा। भारत के अतिरिक्त इस खग्रास चन्द्रग्रहण को अंटार्कटिका पश्चिमी प्रशान्त महासागर,आस्ट्रेलिया,एशिया,हिन्द महासागर,यूरोप,पूर्वी अटलांटिक महासागर आदि में भी दिखाई देगा। भारतीय मानक समय के अनुसार ग्रहण का प्रारंभ रात्रि में 09:57 बजे होगा। ग्रहण का मध्य रात्रि 11:41 बजे तथा मोक्ष अर्थात् ग्रहण की समाप्ति रात्रि 01:27 बजे हो जाएगी। काशी सहित सम्पूर्ण भारतवर्ष में ग्रहण का समय उपरोक्त ही होगा। उक्त जानकारी महर्षिनगर नगर स्थित आर्षविद्या शिक्षण प्रशिक्षण सेवा संस्थान-वेद विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार पाण्डेय ने दी। उन्होंने बताया कि चन्द्रग्रहण का सूतक ग्रहण प्रारंभ होने से 09 घंटे पूर्व ही लग जाता है। ग्रहण के प्रारंभ के समय और पुनः मोक्ष के समय स्नान करना चाहिए। ग्रहण का सूतक लग जाने पर मंदिर में प्रवेश करना व मूर्ति का स्पर्श करना,भोजन करना,स्त्री सहवास,यात्रा इत्यादि वर्जित है। बालक,वृद्ध एवं रोगी अत्यावश्यक पथ्याहार ले सकते हैं। भोजन सामग्री जैसे-दूध,दही,घी इत्यादि में कुश रख देना चाहिए। गर्भवती महिलाओं को पेट पर गाय के गोबर का पतला लेप लगा लेना चाहिए। ग्रहण अवधि में मंत्र-जप आदि करने का शास्त्रोक्त विधान है।