
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
गांधी जी की कर्मभूमि मोतिहारी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी के साथ हुई अपमान की घटना ने चंपारण को शर्मशार कर दिया है। बताया जाता है कि जिला मुख्यालय से सटे तुरकौलिया पंचायत भवन में आम लोगों को संबोधित करते समय मुखिया विनय कुमार साह से कहासुनी के बाद उन्हें सभा से वापस भेज दिया गया। इस दौरान कई स्थानीय लोगों ने मुखिया को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन विवाद नहीं रुका।
जानकारी के अनुसार तुषार गांधी ने 12 जुलाई से भितिहरवा आश्रम से बदलाव यात्रा (पदयात्रा) की शुरुआत की है। इसी क्रम में वे तुरकौलिया पहुंचे और ऐतिहासिक नीम का पेड़ देखने के बाद पंचायत भवन में सभा को संबोधित करने लगे। इस दौरान जब उन्होंने महागठबंधन का परोक्ष समर्थन करते हुए बिहार में बदलाव की बात की, तो मुखिया आगबबूला हो गए और तुषार गांधी को सभा से अपमानित कर बाहर निकाल दिया।
बताया जा रहा है कि तुषार गांधी के साथ चल रहे एक सहयोगी ने जैसे ही नीतीश सरकार बदलने की बात कही, मुखिया विनय साह भड़क उठे और तीखी टिप्पणियां करने लगे। इस घटना के बाद तुषार गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमें बदतमीज तक कहा गया और अपमानित किया गया है, लेकिन हम इससे डरने वाले नहीं हैं। बिहार में बदलाव के लिए हमारी यात्रा जारी रहेगी।