
जहानाबाद – मखदुमपुर से विकाश कुमार की रिपोर्ट।
स्थानीय एस. एस. सिन्हा कॉलेज जहानाबाद के हिंदी विभाग में कार्यरत अतिथि शिक्षिका डॉ. अनामिका शिल्पी को कॉलेज परिवार द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। डॉ. अनामिका ने दिनांक 24.11.2025 से इस महाविद्यालय के हिंदी विभाग में सराहनीय कार्य किया। अब वे जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा में कार्यभार ग्रहण करने जा रही हैं। विगत साढ़े सात माह के कार्यकाल में डॉ. अनामिका द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योतिर्मय एवं डॉ. स्वाति ने उनकी जमकर सराहना की। उन्होंने डॉ. अनामिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें विदाई दी। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने डॉ. अनामिका के कुशल पठन-पाठन और मार्गदर्शन की सराहना की। उनके कॉलेज से विदा होने पर विद्यार्थियों के चेहरों पर मायूसी साफ देखी जा रही थी। कॉलेज के शिक्षकों में डॉ. अख्तर रूमानी, डॉ. सुबोध कुमार झा, कुमकुम कुमारी, डॉ. निमिषा किरण, डॉ. नेहा कुमारी, डॉ. मो. इंतखाब आलम, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. शशिधर गुप्ता, डॉ. ओम प्रकाश वर्मा, डॉ. रूपम कुमारी डॉ. रानी कुमारी, डॉ. कृष्णकांत झा, डॉ. सुरभि आदि ने डॉ. अनामिका के व्यवहारकुशलता की प्रशंसा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय के शिक्षकेतर कर्मियों ने भी कहा कि कॉलेज में डॉ. अनामिका की कमी हमेशा महसूस होगी।विदाई समारोह के अंत में भावुक होते हुए डॉ. अनामिका ने कहा कि इस अल्प अंतराल में ही उन्हें सभी शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं का भरपूर स्नेह मिला, जिससे वे सबके हृदय में अपनी जगह बना पाईं। उन्होंने सभी के द्वारा दिए गए आशीर्वाद और प्यार के लिए कृतज्ञता प्रकट की। उन्होंने आगे कहा, “इस महाविद्यालय का यह कार्यकाल मेरे लिए अविस्मरणीय रहेगा और भविष्य में भी मेरा संपर्क इस कॉलेज से हमेशा बना रहेगा।”

