चंपारण की खबर::संतुलित भोजन लें और रोज के खाने में तेल की मात्रा कम करें : राधामोहन सिंह

Breaking news News बिहार

– “कम तेल की थाली – भारत की खुशहाली” कार्यक्रम का हुआ आयोजन,  महिलाओं ने दिखाए कम तेल वाले व्यंजन

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

भाजपा महिला मोर्चा द्वारा शुक्रवार को मोतिहारी स्थित अमर रिसोर्ट में “कम तेल की थाली – भारत की खुशहाली” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपने घरों से बिना तेल और कम तेल वाले व्यंजन बनाकर लाए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री और सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि “कम तेल की थाली” सिर्फ स्वास्थ्य का संदेश नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत बनाने का संकल्प है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “फिट इंडिया”, “ईट राइट इंडिया” और “पोषण अभियान” जैसी योजनाओं से देशभर में स्वस्थ जीवनशैली और पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ी है। आज बदलती जीवनशैली की वजह से हृदय रोग, बीपी, शुगर और मोटापा जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। इनका एक बड़ा कारण खानपान में तेल और वसा का अधिक सेवन भी है।

“स्वस्थ रहने के लिए जरूरी है कि हम संतुलित भोजन लें और रोज के खाने में तेल की मात्रा कम करें। कम तेल का मतलब स्वाद से समझौता नहीं है। अगर हम सब्जी, फल, दाल और मोटे अनाज को आहार में शामिल करें और तेल का उपयोग सीमित रखें, तो कई बीमारियों से बच सकते हैं,” श्री सिंह ने कहा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि जब देश का हर नागरिक स्वस्थ होगा तभी देश की उत्पादकता बढ़ेगी और स्वास्थ्य पर खर्च कम होगा। इसी सोच के साथ यह अभियान “भारत की खुशहाली” से जुड़ा है।

– महिलाओं ने लिया संकल्प



कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने भोजन में तेल की मात्रा संतुलित रखेंगी, जंक फूड और तले हुए खाने से बचेंगी, रोज व्यायाम-योग करेंगी और परिवार-समाज को भी स्वस्थ खानपान के लिए प्रेरित करेंगी।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सह मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, महिला मोर्चा प्रदेश पदाधिकारी संगीता चित्रांश, जिलाध्यक्ष नीता शर्मा, उपाध्यक्ष मीना मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद शंकर सिंह, डॉ. हेना चंद्रा सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।