चंपारण की खबर::पिपराकोठी में ‘खेत बचाओ अभियान’ पर कार्यशाला

Breaking news News बिहार

मिट्टी बचाना अब जनआंदोलन : सांसद

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

भारत सरकार की अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत महात्मा गांधी समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान, पिपराकोठी में मंगलवार को “खेत बचाओ अभियान” पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें अनुसूचित जाति समुदाय के 500 से अधिक किसान भाई-बहनों ने भाग लिया।

– एकीकृत कृषि से आय बढ़ाने पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद और पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि संस्थान अनुसूचित जाति समुदाय के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए उप-योजना को प्रभावी ढंग से चला रहा है। चूंकि यह संस्थान एकीकृत कृषि प्रणाली पर काम करता है, इसलिए यहां की योजनाएं किसानों को एक ही जमीन पर खेती, पशुपालन और मछली पालन जोड़कर आय बढ़ाने में मदद करती हैं।

-मिट्टी बचाने की अपील

श्री सिंह ने “खेत बचाओ अभियान” को जनआंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि खेत की उर्वरता सिर्फ उर्वरकों से नहीं, बल्कि मिट्टी में जैविक कार्बन, सूक्ष्मजीवों और पोषक तत्वों के संतुलन से बनती है। इसलिए गोबर खाद, वर्मी कम्पोस्ट, हरी खाद, फसल अवशेष प्रबंधन और जैव उर्वरकों का उपयोग बढ़ाएं। “पहले मृदा परीक्षण, फिर उर्वरक उपयोग” की अवधारणा अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम, हरसिद्धि विधायक कृष्णनंदन पासवान और किसान नेता मनोज पासवान भी मौजूद रहे।