मुजफ्फरपुर में बकरीद को लेकर कई क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, प्रशासन ने लोगों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा

Breaking news News बिहार

मुजफ्फरपुर,
27 मई 2026

आगामी बकरीद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत करना तथा पर्व के दौरान शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना है। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा कायम रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।


फ्लैग मार्च मोतीपुर बाजार, कांटी-दामोदरपुर, हरपुर लौहौरी-अहियापुर, कोल्हुआ पैगंबरपुर, सुमेरा, लदौरा, तुर्की, ब्रह्मपुरा-ब्रह्मस्थान, सरैया तथा रेपुरा छितरी समेत कई क्षेत्रों में किया गया। मार्च के दौरान पुलिस बल ने बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों से संवाद कर प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी और कहा कि पर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा पुलिस लगातार गश्ती कर रही है।
इस प्रकार पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन तथा विधि व्यवस्था संधारण हेतु प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है। पर्व के दौरान शांति भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।