चंपारण की खबर::शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं बकरीद पर्व : डीएम

Breaking news News बिहार

– जिले में 508 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की  प्रतिनियुक्ति

– जिला साइबर सेल की टीम 24 घंटे रहेगी सक्रिय, सोशल मीडिया रखेगी कड़ी नजर

मोतिहारी , राजन द्विवेदी।

जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं एसपी स्वर्ण प्रभात ने जिले में बकरीद का पर्व शांति और सौहार्द के बीच मनाने की अपील किया है। बताया है कि
जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद पर्व मनाने को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में रहेगा। 

इस पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था के संधारण को लेकर डीएम व एसपी ने अपने संयुक्त आदेश के तहत सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील 508 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की  प्रतिनियुक्ति की है। सभी प्रखंडों के बीडीओ,सीओ एवम थानाध्यक्ष लगातार सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानो पर भ्रमणशील रहकर विधिव्यवस्था पर कड़ी नजर रखेंगे। जिला साइबर सेल की टीम 24 घंटे सक्रिय रहकर सोशल मीडिया पर रखेगी कड़ी नजर। असामाजिक एवम उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध त्वरित करवाई का दिया गया है आदेश। जिला नियंत्रण कक्ष सहित अनुमंडल नियंत्रण कक्ष से भी पल-पल की गतिविधियों पर रखी जाएगी कड़ी नजर। इस वर्ष ईद-उल-जोहा(बकरीद)का त्योहार  28 मई 2026 को मनाये जाने की सूचना है जो चांद के दृष्टिगोचर होने पर निर्भर है। जिले में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने को लेकर  जिला प्रशासन ने सभी प्रकार की आवश्यक तैयारी की है। 
डीएम व एसपी के संयुक्त आदेश के आलोक में सदर अनुमंडल अंतर्गत 179,ढाका अनुमंडल अंतर्गत 122, पकड़ी दयाल अनुमंडल अंतर्गत 48, अरेराज अनुमंडल अंतर्गत 51, चकिया अनुमंडल अंतर्गत 69 एवं रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत चिन्हित किए गए 39 जगह पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। डीएम ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को ससमय प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंच कर अपने दायित्व का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। प्रतिनियुक्त पदाधिकारी प्रतिनियुक्ति स्थल के आसपास के क्षेत्र एवं संपूर्ण गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखेंगे एवं कहीं से भी संदिग्ध गतिविधि की पता चलने पर वरीय पदाधिकारी को तत्काल इसकी सूचना देंगे। जिलाधिकारी ने आसूचना तंत्र को मजबूत करने का भी निर्देश दिया है। पर्व के अवसर पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने एवं अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।   पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे जो शरारती तत्वों पर नजर रखेंगे। इसके अतिरिक्त शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में बाइकर्स पुलिस के द्वारा भी लगातार गश्ती की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया है कि पर्व के अवसर पर साइबर सेल को 24 घंटे एक्टिव मोड में रखा जाए। विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर वरीय अधिकारियों को जबाबदेही दी गई है,जो सीधे पल-पल की गतिविधियों से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को अवगत कराएंगे। सभी प्रखंडों के बीडीओ,सीओ एवं थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि आपस मे समन्वय बनाकर लगातार सभी संवेदनशील एवम महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर स्थिति पर कड़ी नजर रखेंगे। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद का त्योहार मनाने की अपील की है। इस अवसर पर  जिला नियंत्रण कक्ष तीन पालियों में लगातार 24 घण्टे कार्यरत रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06252- 242418 है। जिला नियंत्रण कक्ष में पर्याप्त संख्या में अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम और दंगा निरोधी दस्ता भी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त जिला के सभी छह अनुमंडल में भी नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं, जहां से सभी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। वरीय पदाधिकारी में नगर आयुक्त  आशीष कुमार को सादर अनुमंडल, अपर समाहर्ता श्री मुकेश कुमार सिंहा को सिकरहना (ढाका)अनुमंडल, उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार को रक्सौल अनुमंडल, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) शैलेंद्र कुमार भारती को अरेराज अनुमंडल, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी कुमार विवेकानंद को चकिया अनुमंडल एवं जिला परिवहन पदाधिकारी निवेदिता कुमारी को पकड़ीदयाल अनुमंडल का संपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी पदाधिकारी बिना सक्षम स्तर से  पूर्वानुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे एवं पर्व की समाप्ति तक मुख्यालय में बने रहेंगे।