
– मामले में एक गिरफ्तार, 36 पर एफआईआर दर्ज
बेतिया, प्रतिनिधि ।
जिले के नरकटियागंज स्थित शिकारपुर थाना क्षेत्र के बनवरिया पंचायत अंतर्गत मढ़िया गांव में भूमि विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक सब-इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज अनुमंडल अस्पताल में कराया गया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।जानकारी के अनुसार, मढ़िया गांव निवासी पार्वती देवी ने शिकारपुर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप था कि कुछ लोगों ने उनके घर के सामने के रास्ते पर अवैध कब्जा कर लिया है और वहां लगे आम समेत आधा दर्जन पेड़ों को काट दिया है। इसी शिकायत के सत्यापन के लिए एसआई रविशंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ मढ़िया गांव पहुंचे थे। पुलिस टीम जब कटे हुए पेड़ों की वीडियोग्राफी कर रही थी और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही थी, तभी दूसरे पक्ष के दर्जनों महिला-पुरुष लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने अचानक पुलिस टीम के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस दौरान महिला गार्ड संध्या कुमारी से उनका मोबाइल फोन छीन लिया। हालांकि बाद में उसे लौटा दिया गया। इसके बाद पुलिस टीम पर तबाड़तोड़ ईंट-पत्थर बरसाए गए। जिसमें एसआई रविशंकर प्रसाद, महिला गार्ड संध्या कुमारी और सिपाही अभिषेक कुमार घायल हो गए। इतना ही नही हमलावरों ने पुलिस के सरकारी वाहन के पहिए में कील ठोककर उसे पंचर भी कर दिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले में 16 नामजद और 20 अज्ञात उपद्रवियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी मदन राम को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
