चंपारण की खबर::नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के 7 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित, महापौर ने विकास का संकल्प दोहराया

Breaking news News बिहार

सम्मान समारोह का किया गया आयोजन


मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

नगर निगम मोतिहारी के सभा भवन में शनिवार को नव निर्वाचित सशक्त स्थायी समिति सदस्यों का सम्मान समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर प्रीति कुमारी ने की। इस दौरान नगर आयुक्त आशीष कुमार, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, वार्ड पार्षदगण, पार्षद प्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

महापौर प्रीति कुमारी के कुशल नेतृत्व और सभी 46 वार्ड पार्षदों के आपसी सहयोग से वार्ड संख्या 16, 18, 22, 23, 27, 29 और 45 के निगम पार्षद सशक्त स्थायी समिति के सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचन की घोषणा होते ही सभा भवन तालियों से गूंज उठा। सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।

– यह जनहित का संकल्प है : महापौर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति कुमारी ने कहा कि स्थायी समिति का निर्विरोध निर्वाचन लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और सहयोग का जीवंत उदाहरण है। यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि नगर के विकास, जनहित और सुशासन के प्रति सभी पार्षदों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने भरोसा जताया कि समिति के सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निभाएंगे।

महापौर ने कहा कि मोतिहारी नगर निगम विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, सड़क, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य सेवाएं और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सशक्त स्थायी समिति इन योजनाओं को धरातल पर उतारने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

उन्होंने सभी पार्षदों और अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत आपसी सहमति और जनसेवा की भावना में है। सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से मोतिहारी को स्वच्छ, विकसित और आदर्श शहर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में महापौर ने नवनिर्वाचित सदस्यों को पुनः बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।