
– जिलाधिकारी ने किया सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण, दिए निर्देश
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिले के चोरमा-बैरगनिया पथ खंड में भारतमाला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क परियोजना का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उक्त जानकारी जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने सड़क परियोजना के निर्माण कार्य के निरीक्षण उपरांत दी। बताया कि सड़क परियोजना के अधिकांश सिविल एवं संरचनात्मक कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं तथा शेष कार्यों को तीव्र गति से निष्पादित किया जा रहा है।
यह मार्ग उत्तर बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों को बेहतर राष्ट्रीय सड़क नेटवर्क से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
परियोजना के अंतर्गत सड़क चौड़ीकरण, उच्च स्तरीय पथ निर्माण, पुल-पुलियों का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, सर्विस रोड, सड़क सुरक्षा संरचनाएं तथा आवश्यक यातायात संकेतक स्थापित किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है ताकि मार्ग पर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
चोरमा से बैरगनिया तक विकसित हो रहा यह कॉरिडोर पूर्वी चम्पारण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए रणनीतिक एवं आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत ढाका, शिवहर, सीतामढ़ी एवं नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही में सुगमता आने से माल परिवहन की लागत एवं यात्रा समय में कमी आने की संभावना है।
परियोजना के तहत विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्रैश बैरियर, साइनज, रोड मार्किंग, डिवाइडर एवं अन्य सुरक्षा अवसंरचनाओं का निर्माण भी किया जा रहा है। कई हिस्सों में बिटुमिनस कार्य, पुल संरचना एवं एप्रोच रोड का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष भागों में फिनिशिंग एवं उपयोगिता संबंधी कार्य प्रगति पर हैं।
भारत माला परियोजना के इस खंड के पूर्ण होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन क्षमता में वृद्धि होगी तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को दीर्घकालिक मजबूती प्राप्त होगी। यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
