
मुजफ्फरपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. झोपड़ी में सो रहे युवक को जिंदा जला दिया गया. घटना को अंजाम देने का आरोप मृतक के पिता और रिश्तेदारों पर लगा है. घटना जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित खैरा गांव की है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जले हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.मृतक की पहचान राजेश कुमार राय के रूप में हुई है. राजेश की मां के अनुसार वह तीन बेटों में सबसे बड़ा और दिव्यांग था. कुछ वर्ष पूर्व उसने अंतरजातीय शादी की थी, लेकिन बाद में उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी. इसके बाद से वह परिवार से अलग रहकर खैरा ब्रह्मस्थान के पास एक झोपड़ी में जनरल स्टोर चलाता था.राजेश की मां के अनुसार, उसके पति (मृतक के पिता) और अन्य रिश्तेदार राजेश को संपत्ति में हिस्सा नहीं देना चाहते थे. वे दुकान की कमाई भी हड़पना चाहते थे. उसने कमाई के तीन लाख रुपये जमा किए थे, जिन्हें छीन लिया गया.मृतक की मां का आरोप है कि शनिवार की रात जब राजेश अपनी दुकान में सो रहा था, तभी पिता और छोटे भाई ने मिलकर उसे चारपाई से बांध दिया और झोपड़ी में आग लगा दी. आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक राजेश की दर्दनाक मौत हो चुकी थी.मृतक की मां ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले सभी लोग अपने ही हैं. राजकुमार राय मृतक का पिता है और बाकी लोग भी रिश्तेदार हैं. इन लोगों का आरोप है कि मेरा बेटा ताड़ी-शराब का सेवन करता था और नशे में झगड़ा करता था, इसलिए उन्होंने उसे जिंदा जला दिया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हैं.
