डॉ अनुज सिंह समर्थकों के द्वारा आयोजित किया गया एकदिवसीय विचार गोष्ठी एवं जनसंवाद

Breaking news News बिहार राजनीति

नवादा के सर्वांगीण विकास के लिए संगठन सदैव तत्पर- डॉ अनुज

स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए बुद्धिजीवी एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने रखा अपना विचार

नगर परिषद, प्रखंड एवं पंचायत के गणमान्य बुद्धिजीवियों ने दिखाई सक्रिय सहभागिता

नगर के कुंती नगर स्थित सभागार में डाॅ‌‍ अनुज सिंह के समर्थकों की एक दिवसीय विचार गोष्ठी एवं जनसंवाद कार्यक्रमआयोजित की गई । इस बैठक में नवादा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिला एवं नगर परिषद के सभी वार्ड, प्रखंड एवं सभी पंचायत से प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी एव शिक्षाविद डॉ अनुज सिंह ने किया। वहीं इस विचार गोष्ठी का संचालन समाजसेवी अनिल कुमार सिंह एवं अजय कुशवाहा के द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से नवादा के सर्वांगीण विकास को लेकर रखा गया था ।जिसमें हजारों की संख्या में गणमान्य एवं प्रतिनिधियों से लेकर गाँव एव समाज के प्रमुख नेतृत्वकर्ता ने अपनी सहभागिता दिखाई।

इस बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, जन-जन की सुरक्षा, कृषि आदि क्षेत्रों में किस तरह से नवादा को शीर्ष पर ले जाया जाए,इस पर सभी वर्ग के प्रमुख लोगों ने अपना अपना विचार रखा। साथ ही साथ बैठक में आगामी पंचायत चुनाव एवं नगर निकाय चुनाव को देखते हुए संगठन की मजबूती तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में बैठक को संबोधित करते हुए डॉ अनुज सिंह ने कहा कि नवादा विधानसभा के साथ-साथ हम पूरे नवादा क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तत्पर हैं। आज भी चाहे स्वास्थ्य, शिक्षा ,कृषि ,जनमानस की सुरक्षा को देखा जाए तो ,हमारा जो नवादा जिला है ,कहीं ना कहीं अपेक्षा का शिकार है और इसका सबसे बड़ा कारण है जनप्रतिनिधियों की उदासीनता। इन सब चीजों को दूर करने के लिए हम सभी समर्थकों को एकजुट होकर काम करना होगा। नवादा के विकास के लिए हम सबों को आगे आना होगा, आगामी पंचायत चुनाव एवं नगर परिषद का चुनाव होने वाला है तो हमें पूरी मजबूती से अपने लोगों को साथ देकर अपनी पैठ बनानी पड़ेगी। हमें अभी से ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने का काम करना होगा ताकि हमारे समर्थक बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि हम सभी एकजुट रहे हैं और एक दूसरे के सुख दुख में साथ रहेंगे। उन्होंने अपने समर्थकों का आश्वस्त किया कि जब भी जरूरत पड़े हम सभी आप लोगों के साथ हैं।


वक्ताओं में जेपी चौधरी बस्ती बीघा ने कहा कि हम सब मिलकर पूरी मजबूती से अपने-अपने क्षेत्र में संगठन को ताकत देने का काम करेंगे और राजनीति में अपनी एक अलग पहचान बनाने को संकल्पित रहेंगे। बढ़ईबीघा निवासी विष्णु शंकर चौहान ने कहा कि हम सभी हमेशा डॉ अनुज सिंह के साथ रहकर काम करेंगे और उनके निर्देशन में अपने नवादा को आगे ले जाने का काम करेंगे।
पूर्व मुखिया रणजीत चौहान ने कहा कि जिस तरह से ईमानदारी पूर्वक शिक्षा के क्षेत्र में हमारे अगुआ काम कर रहे हैं ठीक उसी तरह से ईमानदारी पूर्वक अगर हम लोग संगठन में काम करेंगे तो निश्चित रूप से अपनी एक अलग पहचान बनेगी और एक दिन सफलता मिलेगी।

नारदीगंज से पूर्व प्रखंड प्रमुख गौरी शंकर सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि हम सबों को एकमत होकर आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए आपसी समन्वयता एकजुटता और सक्रिय भागीदारी पर विशेष ध्यान देना पड़ेगा। सहजपुरा के विपिन सिंह ने कहा कि हमारा संगठन बिल्कुल नवादा के लिए समर्पित है और हम सबों का यह कर्तव्य है कि अपने संगठन को और मजबूती प्रदान करें और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ें।


अल्पसंख्यक समुदाय के तरफ से फैयाज अहमद ने कहा कि विकसित नवादा बनाने के लिए सभी वर्गों को एक साथ होकर आगे आना होगा ताकि नवादा में भी विकास की रोशनी जल सके। अनीश खान ने कहा कि हमारा संगठन सभी वर्गों को सम्मान देने वाला इसलिए हम सभी एक जुट होकर संगठन को मजबूत बनाना है। हमारा नेतृत्व नवादा को एक नई ऊंचाई देने वाला है।
युवा नेता चंदन कुमार ने कहा कि हम सबों को सभी वर्गों को‌ को साथ लेकर अपने नवादा को आगे ले जाने में योगदान देना होगा। जातीयता उन्माद से ऊपर उठकर नवादा क्षेत्र के प्रगति के लिए हम सबों को अपने संगठन को मजबूत बनाना है।

समाजसेवी अनिल कुमार सिंह हम सभी को ईमानदारीपूर्वक संगठित रहना पडेगा ।हमें इसके लिए पूरे समाज को आगे आना होगा, तभी हम अपनी नवादा को मजबूती दे सकते हैं। पटवासराय सरपंच देवराज पासवान ने बैठक में अपना विचार रखते हुए कहा कि वर्तमान समय में जो राजनीति का दौर है, हमें इन सबों से हटकर काम करना है तभी हम नवादा को विकास के रास्ते पर लेकर जा सकेंगे। इस दौरान और कई वक्ताओं में से मगध ग्रामीण बैंक के प्रबंधक सुरेंद्र सिंह, प्रोफेसर कृष्ण कुमार प्रभाकर,अशोक चौहान, योगेंद्र रविदास, गोरेलाल सिंह पंचायत समिति समाय, बलराम सिंह घुमड़ा, चंदन कुमार मुखिया प्रतिनिधि ओड़ो , रामविलास मांझी, विनोद रविदास, कई प्रमुख लोगों ने भी अपने-अपने विचार रखें और क्षेत्र की समस्याओं के साथ-साथ चुनावी तैयारी पर चर्चा की।


बैठक में संगठन से अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़ने का गांव एवं वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति बनाई गई। बैठक को सफल बनाने में सभी वर्ग के प्रमुख लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही । अंत में सभी उपस्थित बुद्धिजीवियों ने सामूहिक भोज का आनंद लिया पुनः डॉ अनुज सिंह के द्वारा सभी उपस्थित जनसमुदाय के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया गया।