
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा- 2026 में जिला में टॉप 10 रैंक लाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन ने आज मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में सम्मानित किया ।
मैट्रिक की परीक्षा में पूरे राज्य में आठवां रैंक एवं पूर्वी चंपारण जिला में पहला रैंक लाने वाले दो छात्रों, जिसमें श्रीसोमेश्वर हाई स्कूल अरेराज के छोटू कुमार एवं उत्तक्रमित माध्यमिक विद्यालय सिसवा बाजार के दिलखुश कुमार (दोनों को 96.6% अंक प्राप्त हुआ है) के साथ पूरे राज्य में 9 वीं रैंक एवं जिला में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले डीडी गर्ल्स हाई स्कूल सुगौली के शिल्पी कुमारी एवं उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय कपूर पकड़ी के प्रिंस कुमार, (दोनों को 96.4% ) तथा पूरे राज्य में दसवां रैंक एवं जिला में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले गवर्नमेंट बेसिक स्कूल माधोपुर गोविंद के अजीत कुमार सहित मैट्रिक की परीक्षा में पूर्वी चंपारण जिला में टॉप 10 रैंक प्राप्त करने वाले सभी 26 छात्रों को जिलाधिकारी, एसपी स्वर्ण प्रभात, उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं उप महापौर डॉ लालबाबू प्रसाद गुप्ता के द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही इन सभी 26 छात्रों के माता – पिता/अभिभावकगण को भी सम्मानित किया गया।
इंटरमीडिएट की परीक्षा 2026 में कला संकाय से जिला में सर्वोच्च 10 रैंक प्राप्त करने वाले 16 छात्रों, विज्ञान संकाय में सर्वोच्च 10 रैंक प्राप्त करने वाले कल 14 छात्रों एवं वाणिज्य संख्या में टॉप 10 रैंक प्राप्त करने वाले सभी 15 छात्र-छात्राओं को आज जिला प्रशासन ने सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले सभी छात्रों के अभिभावक भी उपस्थित थे, उन्हें भी सम्मानित किया।
सम्मान स्वरूप सभी छात्रों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंट दिया गया एवं उनके माता-पिता/ अभिभावक को शॉल देकर से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रेक्षा गृह जिले के छात्र एवं अभिभावक से खचाखच भरा हुआ था। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्वी चंपारण जिले के छात्रों ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा में पूरे राज्य व जिला में परचम लहराकर न केवल स्वयं को एवं अपने परिवार को गौरवान्वित किया है बल्कि इसको लेकर जिला शिक्षा विभाग सहित जिला प्रशासन को भी गौरव की अनुभूति हो रही है। जिलाधिकारी ने सम्मानित होने वाले सभी बच्चों को भविष्य में और बेहतर करने के लिए शुभकामनाएं दी। साथ ही उपस्थित अभिभावकों को भी बधाई दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जिस कौशल के साथ आप सभी ने अपने बच्चों का सहयोग किया है, भविष्य में यही सहयोग बनाए रखें। आपके बच्चे आपकी अभिलाषाओं को पूरा करेंगे एवं आपकी अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
जिलाधिकारी ने जिला के उन सभी शिक्षकों को भी शुभकामनाएं एवं बधाई दी, जिनके मार्गदर्शन में बच्चों ने सफलता का परचम लहराया है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारीगण एवं शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी गण उपस्थित थे।
