
- राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन की सफलता को लेकर विभागीय अधिकारियों संग की बैठक
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 09 मई 2026 की सफलता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव नितिन त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
इस बैठक में वन्य पदाधिकारी मनीष कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ज्ञानेश्वर प्रकाश, प्रभारी नीलाम पदाधिकारी विकास कुमार, माप तौल पदाधिकारी अजय कुमार, सहायक परिवहन पदाधिकारी पल्लवी कुमारी एवं श्रम पदाधिकारी ज्योति सिंह उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सचिव श्री त्रिपाठी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित माइनर एक्ट के वादों को चिन्हित कर शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निपटारा राष्ट्रीय लोक अदालत में किया जा सके। साथ ही, यह भी निर्देश दिया कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित वादों की सूची तैयार करें एवं समय से पूर्व सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करें। जिससे लोक अदालत का उद्देश्य, सुलभ, त्वरित एवं सस्ता न्याय सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मोतीहारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत में भाग लेकर अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण निपटारा कराएं।
