
– डीएम ने धनौती नदी किनारे प्रस्तावित सड़क एवं रघुनाथपुर को जोड़ने के लिए पुल के चिन्हित स्थलों का लिया जायजा
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण पथ निर्माण विभाग कार्यपालक अभियंता द्वारा धनौती नदी के किनारे प्रस्तावित सड़क एवं पुल का प्राक्कलन विभाग को समर्पित कर दिया है। शीघ्र ही इस पथ व पुल के निर्माण की निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
इस सड़क का निर्माण मोतीझील किनारे की सड़क की तर्ज पर किया जा रहा है। निर्माण कार्य आइटीआइ (ITI) कॉलेज के निकट से प्रारंभ होकर नवनिर्मित मजुराहा–कोटवा पुल तक होगा। इसके साथ ही रघुनाथपुर से मोतिहारी के लिए धनौती नदी पर एक नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव भी इसी परियोजना में शामिल है।
इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत लगभग 53.5 करोड़ है, जिसमें सड़क निर्माण पर 47.5 करोड़ एवं पुल निर्माण के लिए 6 करोड़ प्रस्तावित है। यह परियोजना क्षेत्र की यातायात सुविधा एवं विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण साबित होगी। वहीं इस परियोजना के लिए चिन्हित स्थलों का जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। कहा कि इस पथ परियोजना के पूर्ण होने से शहर में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और जाम के झाम से लोगों को निजात मिलेगी।
