
मोतिहारी , राजन द्विवेदी।
जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र स्थित झखरा हनुमान मंदिर से मुकुट चोरी की हुई घटना का 24 घंटे के भीतर पुलिस ने पटाक्षेप करते हुए मुकुट को बरामद कर लिया है।
इस मामले में चोरी करने वाले आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस संबंध में अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि पुलिस को झखरा स्थित हनुमान मंदिर से भगवान का मुकुट चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही गोविंदगंज थानाध्यक्ष राजू तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मंदिर का स्थायी पुजारी बाहर गया हुआ था। उसकी अनुपस्थिति में रितिक मिश्रा नामक युवक पुजारी बनकर मंदिर में रह रहा था। पुलिस को रितिक मिश्रा की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।रितिक मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने मंदिर से मुकुट चोरी कर तुरकौलिया थाना क्षेत्र के श्रीपति ज्वेलर्स के मालिक अरुण कुमार को छह हजार रुपये में बेच दिया था। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। संबंधित ज्वेलर्स दुकान पर छापेमारी कर चोरी की गई मुकुट बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने ज्वेलर्स मालिक अरुण कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
