
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भोपतपुर गांव में बीते पूरी रात पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर कथित फर्जी नोट गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई एसडीपीओ सदर-1 और सदर-2 के नेतृत्व में की गई। इसमें दो प्रशिक्षु डीएसपी समेत पांच थानों की पुलिस शामिल थी।
पुलिस टीम ने भोपतपुर निवासी सुलेमान अंसारी और इम्तियाज के ठिकानों पर छापा मारा। इस दौरान चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। छापेमारी पूरी रात चली और अभी भी जारी है।
– करोड़ों की बरामदगी का दावा
सूत्रों के मुताबिक छापेमारी में करीब 1 करोड़ रुपये के कथित फर्जी नोट, 13 लाख रुपये नकद, 38 सोने के बिस्किट, हथियार, कारतूस और एक वाहन बरामद हुआ है। सोने की शुद्धता की जांच की जा रही है कि वे असली सोना हैं या रोल्ड गोल्ड। हालांकि पुलिस ने अभी इन बरामदगियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
– ऐसे ठगता था गिरोह
प्रारंभिक पूछताछ में हिरासत में लिए गए लोगों ने बताया कि गिरोह लोगों को फर्जी नोट के नाम पर ठगता था। पहले 5,000 रुपये के बदले 15,000 रुपये देने का लालच दिया जाता था। भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में असली नोट दिए जाते थे।
इसके बाद जब कोई बड़ी रकम लेकर आता तो उसे ऊपर असली और नीचे ‘चिल्ड्रन बैंक’ लिखे नकली नोटों की गड्डी थमा दी जाती थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अगर कोई 5 लाख रुपये जैसी बड़ी राशि लेकर पहुंचता था तो गिरोह के सदस्य पुलिस की वर्दी पहनकर उससे नकदी छीन लेते थे। पीड़ित उन्हें असली पुलिस समझकर शिकायत भी नहीं कर पाता था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि मामले का विस्तृत खुलासा प्रेस वार्ता के जरिए किया जाएगा। बरामदगी, आरोपों और गिरफ्तार लोगों की अंतिम पुष्टि भी ब्रीफिंग के बाद ही होगी।
