
– कुलपति ने ‘वैदेही कैफेटेरिया’ का किया उद्घाटन
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिहार में ग्रीष्मावकाश के बाद मंगलवार को नए शैक्षणिक सत्र का शुभारम्भ हुआ। सत्र की शुरुआत आध्यात्मिक अनुष्ठान और छात्र सुविधाओं के विस्तार के साथ की गई।ई
गांधी भवन में सुबह कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव की उपस्थिति में रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर विश्वविद्यालय की प्रगति और शांति के लिए प्रार्थना की।
– छात्रों से किया समर्पण और नवाचार का आह्वान
रुद्राभिषेक के बाद संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने सभी को नए सत्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार के हर सदस्य को समर्पण, नवाचार और सामूहिक प्रयास के साथ काम करना होगा ताकि शैक्षणिक उत्कृष्टता और संस्थागत विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकें।
– ‘वैदेही कैफेटेरिया’ शुरू
छात्र-केंद्रित सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में कुलपति ने गांधी भवन स्थित ‘वैदेही कैफेटेरिया’ का भी उद्घाटन किया।
इस दौरान प्रो. संजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह कैफेटेरिया सिर्फ भोजन और अल्पाहार तक सीमित नहीं रहेगा। यह छात्रों के लिए सार्थक संवाद, अनौपचारिक शैक्षणिक चर्चाओं और सामुदायिक सहभागिता का मंच बनेगा। इससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और आपसी संवाद को बढ़ावा मिलेगा।

परिसर निदेशक प्रो. प्रसून दत्त सिंह ने बताया कि ‘वैदेही’ माता सीता का पूजनीय नाम है। यह मिथिला और बिहार की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और छात्रों में अपनी जड़ों के प्रति गर्व की भावना जगाएगा।
इस अवसर पर प्रो. शिरीष मिश्रा, प्रो. श्याम कुमार झा, प्रो. शहाना मजूमदार, प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला, डॉ. कैलाश चंद्र प्रधान, डॉ. श्याम नंदन, डॉ. बबीता मिश्रा, डॉ. बबलू पाल, डॉ. अमित रंजन, ओएसडी डॉ. सच्चिदानंद सिंह, उप कुलसचिव सुहर्ष कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
