चंपारण की खबर::बुनियादी सुविधाओं के साथ शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी : महापौर

Breaking news News बिहार
  • नगर निगम बोर्ड की बैठक में 57 करोड़ रुपये की योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

नगर निगम मोतिहारी के बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आज महापौर प्रीति कुमारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नगर आयुक्त, उपमहापौर, पार्षदगण एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के समग्र विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार को सुनिश्चित करना था। इस दौरान विभिन्न विकास योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सभी वार्डों के समुचित विकास के लिए लगभग 57 करोड़ रुपये की योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। जिस पर सभी निगम पार्षदों ने ध्वनि मत से अनुमोदन किया। इस निर्णय के तहत प्रत्येक वार्ड में लगभग 1.25 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, नाली, जलनिकासी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विकास कार्य कराए जाएंगे। इन योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी कार्यों को टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से कराया जाएगा। इससे न केवल कार्यों की गुणवत्ता बेहतर होगी, बल्कि समयबद्ध तरीके से योजनाओं का निष्पादन भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।
इसके अतिरिक्त, शहर में वर्षों से चली आ रही जलजमाव एवं जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान हेतु एक व्यापक योजना पर निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख मार्गों के किनारे मुख्य नालों के निर्माण के लिए विभिन्न योजनाओं का चयन किया गया है। इन नालों के निर्माण से छतौनी, बरियापुर, चांदमारी, सिंघिया सागर, चैलाहां, बंजारिया, रघुनाथपुर, मठिया जीरात, गोल्डी प्रेस रोड, खोदा नगर, बलुआ, नक्छेद टोला, हिन्दी बाजार, बनियापट्टी एवं हनुमानगढ़ी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। साथ ही, वर्षा ऋतु में होने वाली परेशानियों में भी उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
शहर के सौंदर्यीकरण एवं आधुनिक शहरी स्वरूप को विकसित करने के उद्देश्य से भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में यह तय किया गया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर निजी एजेंसी के माध्यम से बैकलिट यूनिपोल स्थापित किए जाएंगे। इससे शहर की दृश्यात्मक सुंदरता बढ़ेगी तथा सुव्यवस्थित विज्ञापन व्यवस्था के माध्यम से नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी।
इसी क्रम में, शहर के प्रमुख मार्गों के डिवाइडरों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं आकर्षक वातावरण निर्माण के लिए लॉलीपॉप कियोस्क लाइट बोर्ड लगाने की स्वीकृति प्रदान की गई। यह व्यवस्था न केवल रात्रिकालीन यातायात को सुरक्षित बनाएगी, बल्कि शहर की सौंदर्यता को भी नई पहचान देगी।
बैठक में लिए गए सभी निर्णयों का उद्देश्य मोतिहारी शहर को एक स्वच्छ, सुगम, सुरक्षित एवं आधुनिक नगर के रूप में विकसित करना है। नगर निगम मोतिहारी द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से आने वाले समय में शहर के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।