चंपारण की खबर::तिरहुत आयुक्त ने की नीलम पत्रवाद की समीक्षा, 10 दिन में वारंटियों की गिरफ्तारी का आदेश

Breaking news News बिहार

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में नीलम पत्रवाद मामलों की समीक्षा बैठक की। इसमें जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव सहित जिले के सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी मौजूद थे।

आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी सप्ताह में अनिवार्य रूप से 3 दिन सर्टिफिकेट कोर्ट करें और हर महीने कम से कम 50 मामलों का निष्पादन करें। उन्होंने कहा कि मामलों को गंभीरता से लिया जाए।

बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 64,354 नीलम पत्रवाद लंबित हैं। इसमें जिला स्तर पर 27,254, अनुमंडल पर 18,592 और प्रखंड स्तर पर 16,583 मामले शामिल हैं। इनमें लगभग 790 करोड़ रुपये की वसूली होनी है। 50 लाख से अधिक के 44 और 10 से 50 लाख तक के 199 मामले हैं।

जिले में फिलहाल 68 नीलाम पत्र पदाधिकारी हैं। आयुक्त ने संख्या बढ़ाने का निर्देश देते हुए आज ही प्रस्ताव भेजने को कहा, जिसका अनुमोदन 1-2 दिन में कर दिया जाएगा।

आयुक्त ने अपर समाहर्ता और जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी को सप्ताह में एक बार समीक्षा करने को कहा। साथ ही सभी एसडीओ-एसडीपीओ को भी नियमित समीक्षा का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि 4144 वारंटियों की सूची थाना-वार बनाकर 10 दिन के अंदर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। ऐसा नहीं होने पर संबंधित थानाध्यक्षों पर कार्रवाई होगी। अगली समीक्षा अगस्त के अंतिम सप्ताह में होगी।