मोतिहारी में कांग्रेस सेवा दल का महाआंदोलन, वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त करने की मांग

Breaking news News बिहार

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के राज्यव्यापी महाआंदोलन का 19वां चरण गुरुवार को मोतिहारी के कचहरी चौक पर हुआ। वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त करने और शिक्षकों को नियमित वेतनमान, सेवा सुरक्षा, पेंशन व स्वास्थ्य सुविधा देने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन और पदयात्रा निकाली गई। बाद में जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

मुख्य वक्ता प्रदेश अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजय यादव ने कहा कि 4 दशकों से वित्त रहित स्कूल-कॉलेज के शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मी शिक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा नहीं मिली। जब तक सरकार नीति समाप्त कर सभी संस्थानों का समायोजन नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदेश प्रभारी मोहम्मद अफरोज ने कहा कि वित्त रहित शिक्षकों की मांगें न्यायसंगत हैं, सरकार को अविलंब निर्णय लेना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शशिभूषण राय और अखिलेश दयाल ने की। इसमें पूर्वी चंपारण के कांग्रेस नेता, प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में कर्मी शामिल हुए।