
मोतिहारी , राजन द्विवेदी।
बिहार इंटर एजेंसी ग्रुप की बैठक गुरुवार को बेलबनवा स्थित आइडिया कार्यालय में कैरिटास इंडिया के सहयोग से हुई। अध्यक्षता डंकन अस्पताल के समीर दिग्गल और समूह संयोजक अमर ने की।
बैठक में संग्रामपुर के मझरिया पंचायत में चल रहे आपदा प्रबंधन और आजीविका कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इसके तहत किसानों को उन्नत बीज और ग्रामीणों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण व सुरक्षित आजीविका का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सदस्यों ने भारत-नेपाल सीमा की पर्यावरणीय चुनौतियों पर चिंता जताई। संयोजक अमर ने कहा कि नेपाल के हथौड़ा और बीरगंज के औद्योगिक अपशिष्ट सरिसा नदी से रक्सौल में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे आबादी और खेती प्रभावित हो रही है।
उन्होंने गंडक नदी की बाढ़ से सीमांचल और पश्चिमी चंपारण में हुए नुकसान का भी जिक्र किया। साथ ही देश के अन्य हिस्सों में बाढ़-भूस्खलन से हो रहे नुकसान पर चर्चा हुई।
बैठक में आपदा न्यूनीकरण, जलवायु प्रभाव और सुरक्षित आजीविका के लिए सरकारी विभागों, संस्थाओं और समुदायों के बीच समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी।
