सभी मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच करें, गड़बड़ी करने वाले पर सख्त कार्रवाई होगी: डीएम

Breaking news News बिहार

शिवहर, प्रतिनिधि।
,
जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जिला नार्को समन्वय केंद्र समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
इस बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और इसके बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए व्यापक समीक्षा की गई साथ ही कई दिशा-निर्देश दिए। ​बैठक में मुख्य रूप से जिला औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर), अनुमंडल पदाधिकारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन एवं मद्यनिषेध विभाग के पदाधिकारी मौजूद थे।
जिला पदाधिकारी ने ड्रग इंस्पेक्टर को सख्त निर्देश दिया कि जिले के सभी मेडिकल स्टोरों की नियमित और सघन जांच की जाए। बिना डॉक्टर के पर्चे के प्रतिबंधित और नशीली दवाएं बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सूचना तंत्र को मजबूत कर जिले के उन क्षेत्रों को चिह्नित करें जहाँ मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री की संभावना अधिक है। ऐसे स्थानों पर त्वरित छापेमारी की जाए।
युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से सभी स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
​ जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिए गए निर्देशों के अनुपालन की रिपोर्ट अगली समीक्षा बैठक में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।