चंपारण की खबर::सभी पंचायतों में घूम-घूमकर खराब चापाकलों की होगी मरम्मति : जिलाधिकारी

Breaking news News बिहार
  • चलंत चापाकल मरम्मती दल को हरी झंडी दिखाकर सभी प्रखंडों में किया रवाना

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

आगामी भीषण गर्मी की संभावना को ध्यान में रखते हुए पूर्वी चंपारण जिलान्तर्गत खराब पड़े चापाकलों की मरम्मति के लिए जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल ने आज चलंत चापाकल मरम्मति दल को सभी 27 प्रखंडों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बताया कि सभी प्रखंडों में मरम्मति दल कार्यरत रहेगा। जिसके लिए रोस्टर तैयार कर कार्यालय आदेश निर्गत किया गया है। डीएम ने कहा कि आगामी गर्मी के मौसम में पीक टाईम में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना रहती है। भू-गर्भ जल-स्तर भी नीचे चला जाता है। पेयजल की समस्या भी आ सकती है। इसी सब के मद्देनजर अग्रिम तैयारी शुरू कर दी गयी है। ताकि आम जनता को कोई समस्या न हो। कुल 27 चलंत चापाकल मरम्मति दलों को आज रवाना किया गया है, जो सभी 396 पंचायतों में घूम-घूमकर खराब चापाकलों को ठीक करेगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों के जन-प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि खराब चापाकलों की सूची उपलब्ध कराएं ताकि मरम्मति दल द्वारा उसे भी ठीक किया जाए। आम जनता भी टॉल-फ्री नं पर सूचना प्रदान कर सकते हैं। प्राप्त सूचना के आलोक में खराब चापाकलों को तुरत ठीक किया जाएगा।
डीएम ने कहा कि पूरे जिला में पीएचईडी के अधीन चापाकलों की कुल संख्या 38,801 है। खराब चापाकलों का सर्वेक्षण कराया गया। सर्वे अनुसार मोतिहारी जिला अन्तर्गत 4463अदद खराब चापाकलों की मरम्मती का लक्ष्य है। सभी बीडीओ को भी निर्देशित किया है कि जन-प्रतिनिधियों से संपर्क कर खराब चापाकलों की सूची प्राप्त कर मरम्मति कराएं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिला में एक भी चापाकल खराब नहीं रहे। चापाकल मरम्मति दल द्वारा प्रखंडों के सभी पंचायतों में घूम-घूमकर खराब चापाकलों की मरम्मति की जायेगी।
ज़िलाधिकारी के निर्देश पर चापाकल मरम्मति एवं पेयजल संकट से निदान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का टौल फ्री नंबर जारी किया है। जिस पर सम्पर्क कर खराब चापाकलों की मरम्मति संबंधी शिकायत दर्ज की जा सकती है। जारी नंबर में
लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, मोतिहारी नियत्रंण कक्ष का टोल-फ्री नं. 18001231121
-06252-233374 एवं
लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, ढाका नियत्रंण कक्ष का 06250-296049 नंबर है।
इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, मोतिहारी एवं अन्य भी उपस्थित थे।