चंपारण की खबर::हथियार लहराने वाले युवक का वीडियो वायरल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Breaking news News बिहार



अरेराज, प्रतिनिधि।

गोविंदगंज थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वायरल वीडियो के मामले में उक्त युवक की गिरफ्तारी हुई है। युवक की पहचान गोविंदगंज थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी बागड़ यादव के पुत्र प्रिंस कुमार उर्फ प्रिंस यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था जिसमें एक युवक अपने हाथ में देशी कट्टा लहराते हुए नजर आ रहा था। वीडियो पर “प्रिंस यादव” नाम अंकित था। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस द्वारा इसकी सत्यता की जांच शुरू की गई। पुलिस की जांच में उक्त वायरल वीडियो गोविन्दगंज थाना क्षेत्र के नवादा गांव के प्रिंस कुमार का निकला। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वायरल वीडियो में प्रदर्शित देशी कट्टा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। साथ ही घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
गोविन्दगंज थानाध्यक्ष राजू कुमार मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में गोविन्दगंज थाना में कांड दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन या प्रचार-प्रसार न करें। ऐसा करना दंडनीय अपराध है और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।