
- डीएम और एसपी ने शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली पर्व को संपन्न कराने का पदाधिकारियों को दिया निर्देश, जिला प्रशासन रहेगा अलर्ट
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
आगामी होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी जिला आदेश में जिले के सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को होली पर्व को शांति पूर्ण संपन्न कराने को लेकर विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कड़े निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली का त्योहार 03 मार्च
से 04 मार्च तक मनाया जाएगा। जबकि होलिका दहन 02 मार्च की रात्रि को होगा। जिला प्रशासन के द्वारा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करें, शांति समिति के सदस्यों से संपर्क बनाए रखें और स्थानीय निवासियों के साथ समन्वय स्थापित करें।
विधि-व्यवस्था पर नजर रखने के लिए पूर्वी चंपारण समाहरणालय मोतिहारी में जिला नियंत्रण कक्ष सहित सभी अनुमंडल कार्यालयों में भी नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो दिनांक 02.03.2026 की दोपहर से 05.03.2026 तक सक्रिय रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06252-242418 पर कार्यरत रहेगा।
पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत सभी थानों को अलर्ट मोड में रहने, चौकीदार-दफादार के माध्यम से आसूचना संग्रह को मजबूती देने, जिले में दंगा निरोधी दस्ता, एसडीआरएफ की टीम, फायर सर्विस, चिकित्सा दल, एंबुलेंस, क्विक रिस्पांस टीम को अलर्ट मोड में रहते हुए हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।
विवादित स्थल पर होलिका दहन नहीं हो इसको लेकर सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को विशेष निर्देश दिया गया है और कहा गया है कि होलिका दहन वाले सभी स्थलों का स्वयं भ्रमण कर देख लें।अश्लील गाने नहीं बजे इसको लेकर भी विस्तृत निर्देश दिए गए हैं। डीजे को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी को लाउडस्पीकर और डीजे मालिकों के साथ बैठक करने का भी निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा कहा गया है कि शांति समिति में भाग लेने वाले लोगों का मोबाइल नंबर अथवा संपर्क नंबर सभी थाना प्रभारी अपने पास रखें और उसे पंजी में संधारित करें ताकि आवश्यकतानुसार उनसे संपर्क स्थापित किया जा सके। थाना स्तर एवं प्रखंड स्तर पर QRT के गठन का भी निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अफवाहों के कारण तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसको लेकर पुलिस कार्यालय द्वारा सभी साइबर सेल को एक्टिव मोड में रखा गया है।
राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। इसको लेकर सभी महादलित बस्तियों में विशेष सतर्कता बरतनी की जरूरत बताई गई है। रेलवे स्टेशन, रेलवे लाइन, बस स्टैंड, ईदगाह,कब्रिस्तान एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों के आस पास भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
होली के अवसर पर निर्वाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल की व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निकाय और संबंधित विभागों को दिया गया है। आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं के लिए सदर अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर एम्बुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
- दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की हुई हुई प्रतिनियुक्ति
होली पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिले भर में चिन्हित कुल 531 स्थानो पर यह प्रतिनियुक्ति की गई है जिसके अंतर्गत मोतिहारी सदन अनुमंडल में 215 स्थान पर, चकिया अनुमंडल अंतर्गत 89, पकड़ी दयाल अनुमंडल में 96, सिकरहना अनुमंडल में 154, रक्सौल में 45 एवं अरेराज अनुमंडल अंतर्गत कुल 32 स्थान पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को अपने कर्तव्य स्थल पर ससमय उपस्थित होकर विधि-व्यवस्था संधारण करने का निर्देश दिया है। साथ ही, जिले के वरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
इसको लेकर पकड़ीदयाल अनुमंडल अंतर्गत उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार, अरेराज अनुमंडल अंतर्गत एडीएम पीजीआरओ शैलेंद्र कुमार भारती, चकिया अनुमंडल अंतर्गत एडीएम विभागीय जांच मो. शिबगतूल्लाह, रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत जिला बंदोबस्त पदाधिकारी कुमार विवेकानंद, सिकरहना अनुमंडल अंतर्गत जिला पंचायत राज पदाधिकारी रामजन्म पासवान एवं सदर मोतिहारी अनुमंडल अंतर्गत जिला भू- अर्जन पदाधिकारी अरुण कुमार को दायित्व दिए गए हैं।
जिला प्रशासन सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली का त्योहार मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना को दें।
