
रामपुर मनिहारन
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को रामपुर मनिहारान क्षेत्र में तंबाकू मुक्त युवा अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी के दिशा-निर्देशों के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामपुर मनिहारान द्वारा संचालित किया गया। अभियान के तहत इंडिया टूडे कोवेंट एकेडमी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों ने छात्रों को तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। इस दौरान पोस्टर पेंटिंग, निबंध लेखन एवं शपथ ग्रहण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन कर विद्यार्थियों को तंबाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 9 की छात्रा प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 8 का छात्र अंश को द्वितीय एवं कक्षा 11 की छात्रा वंशिका को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं को विद्यालय प्रशासन की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रेनू सैनी ने छात्रों को संबोधित करते हुए तंबाकू से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला और सभी से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों सहित विद्यालय स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
रिपोर्ट वैभव गुप्ता।
