चंपारण की खबर::महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय को मिला राष्ट्रीय एक्सपो में प्रथम पुरस्कार

Breaking news News बिहार

मोतिहारी , राजन द्विवेदी।

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी ने ‘गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो–2026’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया। यह तीन दिवसीय राष्ट्रीय एक्सपो 25 से 27 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित हुआ।

यह सम्मान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार आधारित पहलों, शोध परिवेश और छात्र-केंद्रित कार्यक्रमों के प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण के लिए दिया गया। एक्सपो के दौरान एमजीसीयू के स्टॉल पर विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षाविदों और सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों का निरंतर आगमन रहा। सभी ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, आधुनिक अधोसंरचना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सराहना की।

विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. उमेश पात्रा ने शैक्षणिक कार्यक्रमों, शोध सुविधाओं और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी। स्टॉल पर पूर्व छात्र डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. सूरज जायसवाल और श्रवण कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण शैक्षणिक परामर्श सत्र रहा, जिसमें सत्र 2026-27 के प्रवेश और NEP 2020 के अनुरूप नए पाँच वर्षीय एकीकृत यूजी-पीजी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह सम्मान राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और भविष्योन्मुख शिक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।