
शिवहर ।
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, शिवहर के स्टूडेंट्स एक्टिविटी काउंसिल के अंतर्गत सोशल वर्क एंड हेरिटेज क्लब ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नारायणपुर में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को “स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत” अभियान से जोड़ना था।
महाविद्यालय के छात्रों ने बच्चों को बताया कि खुले में शौच और कचरा फैलाने से डायरिया, हैजा, टायफाइड, पीलिया, डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियां फैलती हैं। विद्यार्थियों को शौचालय के नियमित उपयोग, कूड़े को डस्टबिन में डालने और परिसर स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान चित्रकला, कहानी लेखन एवं वाचन प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। बच्चों ने “स्वच्छ भारत” और “कचरा प्रबंधन” विषयों पर चित्र व कहानियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता दिखाई। कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए शिक्षाप्रद खेल भी कराए गए।
प्राचार्य डॉ. केशवेंद्र चौधरी ने कहा कि स्वच्छता सामाजिक जिम्मेदारी है। ऐसे अभियान विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने क्लब की पहल की सराहना की और इसे निरंतर जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम का नेतृत्व क्लब हेड भास्कर सिन्हा ने किया। पार्थवी कुमारी, अभिषेक कुमार, हंसराज, शिवम कुमार, सूरभी, रौशन और हेमा ने सहयोग किया। अंत में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और सभी ने स्वच्छता का संकल्प लिया।
