सप्ताह में सोमवार एवं शुक्रवार को लगेगा जनता दरबार।

Breaking news News बिहार



जिला पदाधिकारी ने इसी क्रम में लगाया जनता दरबार,22 लोगों ने दिया आवेदन।

जहानाबाद (बिहार) से ब्यूरो चीफ मनोहर सिंह का रिपोर्ट।

जहानाबाद -सरकार के निर्देशानुसार अब सप्ताह में दो दिन सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा।तकनीकी, कार्यालयों, विभागों, शाखाओं तथा इकाई के पदाधिकारियों एवं कार्यालय प्रधान द्वारा शुक्रवार के साथ साथ अब प्रत्येक सोमवार को अपने अपने कार्यालय मे जनता दरबार का आयोजन कर आमजनों की जन समस्याओं की सुनवाई करेंगे।
इस बात की जानकारी देते हुए जिला पदाधिकारी अनील कुमार सिन्हा ने प्रेस रिलीज जारी कर दिया।
उन्होंने बताया कि इसी परिप्रेक्ष्य में आज सोमवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष मे सभी कार्यालयों, विभागों, शाखाओं तथा इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ जनता दरबार का आयोजन किया गया। उन्होंने ने बताया कि जनता दरबार में कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए। आज के जनता दरबार मे भूमि विवाद, भू अर्जन, मुआवजा भुगतान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, इंदिरा आवास इत्यादि से संबंधित मामले प्राप्त हुए। साथ ही पूरे जिले में विद्युत आपूर्ति कार्यालय में 86 आवेदन प्राप्त हुए और उसमें 41 आवेदनों पर कार्रवाई कर निष्पादन भी कर दिया गया है। सभी आवेदनों को संवेदनशीलता के साथ समस्याओं को सुना गया तथा आवेदन के त्वरित निष्पादन हेतु स्थल पर ही संबंधित पदाधिकारियों को हस्तगत कराते हुए अविलम्ब कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।


जिला पदाधिकारी ने बताया कि आज से प्रत्येक सप्ताह के सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा तथा आमजनों की समस्या से रूवरु होते हुए उसका त्वरित निष्पादन किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने बताया कि आज से जनता दरबार का आयोजन जिला मुख्यालय के साथ साथ अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारियों के साथ, प्रखंड सह अंचल कार्यालय मे प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ पंचायत स्तर पर भी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों के समक्ष आयोजित किया जाएगा। सभी आवेदनों को गंभीरता के साथ लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया है।