
–डीएम ने 18 जून तक कार्यभार संभालने का दिया अल्टीमेटम
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने राजस्व, लोक शिकायत निवारण, आरटीपीएस और आइसीडीएस जैसी जन-सेवाओं को पारदर्शी और तेज बनाने के लिए 358 से अधिक कर्मियों का बड़े पैमाने पर तबादला किया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार समाहरणालय संवर्ग और आइसीडीएस के कर्मियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती दी गई है। इससे कार्यालयों में लंबे समय से जमे कर्मियों को बदला गया है ताकि मनमानी और सुस्ती पर रोक लगे।
– कहां कितने तबादले हुए
1. आईसीडीएस विभाग – में 138 कर्मी, महिला पर्यवेक्षिका 82, प्रखंड समन्वयक 21, डाटा एंट्री ऑपरेटर/कार्यपालक सहायक 24, सांख्यिकी सहायक/लिपिक 11
2. राजस्व व लोक शिकायत – 220+ कर्मी, आरटीपीएस कार्यपालक सहायक/ डीईओ 93, एमआरआर डीईओ 49, आरटीपीएस आइटी सहायक 28, लोक शिकायत यानी पीजीआरओ डीईओ 27, सीएलआर डीईओ 23 शामिल हैं।
– 18 जून तक डेडलाइन तय
जिला प्रशासन ने सभी तबादला प्राप्त कर्मियों को 18 जून 2026 तक पुराना प्रभार सौंपकर नए स्थान पर योगदान देने का निर्देश दिया है। समय पर योगदान नहीं देने वाले कर्मी स्वतः विरमित माने जाएंगे और उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। प्रभार हस्तांतरण में देरी को अनुशासनहीनता माना जाएगा।
डीएम ने बीडीओ, सीओ और अनुमंडल पदाधिकारियों को आदेश दिया है कि तबादले के दौरान आम जनता का काम प्रभावित न हो। इसकी निगरानी वे खुद करें। साथ ही पहले की सभी स्थानीय प्रतिनियुक्तियां तत्काल रद्द कर दी गई हैं। कार्यालय प्रधानों से अनुपालन प्रतिवेदन जल्दी भेजने को कहा गया है।
प्रशासन का कहना है कि इस फेरबदल का मकसद प्रमाण-पत्र निर्गमन, भूमि सुधार और शिकायत निवारण जैसी सेवाओं को जनता के लिए आसान और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है।
