सहारनपुर/उप्र /यूपी सिक्ख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की आगरा बैठक में संगठन विस्तार और समाजहित के मुद्दों पर होगी चर्चा

Breaking news News उत्तरप्रदेश

ब्यूरो रिपोर्ट सहारनपुर

, सहारनपुर। यूपी सिक्ख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की तीसरी महत्वपूर्ण बैठक 7 जून को आगरा स्थित होटल “अमर” में प्रातः 11:30 बजे आयोजित की जाएगी। यह बैठक गुरू का ताल आगरा के मुख्य प्रबंधक संत बाबा प्रीतम सिंह जी एवं बाबा राजेन्द्र सिंह जी के सान्निध्य में सम्पन्न होगी। बैठक में प्रदेश के विभिन्न मंडलों और जिलों से गुरुद्वारा प्रतिनिधि भाग लेकर सिक्ख समाज के राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक एवं शैक्षिक विषयों सहित धर्मांतरण जैसी गंभीर चुनौतियों पर मंथन करेंगे।कमेटी के अध्यक्ष हरविन्दर सिंह ने बताया कि लखनऊ और कानपुर में आयोजित पूर्व बैठकों में बनाई गई रणनीति की समीक्षा के साथ आगरा मंडल के इटावा, मैनपुरी, अलीगढ़, मथुरा, वृन्दावन, सहारनपुर, नोएडा सहित आसपास के लगभग 15 जिलों के प्रतिनिधि आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि जून माह में प्रदेशभर में जोन स्तर की बैठकों के बाद जुलाई में कानपुर में लगभग सभी 75 जिलों की कमेटियों की बैठक आयोजित कर व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के संदर्भ में भी सिक्ख समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।कार्यवाहक अध्यक्ष निर्मल सिंह ने बताया कि कमेटी के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मुख्य कार्यालय लाटूश रोड, कानपुर तथा वर्किंग ऑफिस गुरुद्वारा आलमबाग, लखनऊ में स्थापित कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह से प्रदेशभर में गुरुद्वारों के सहयोग से सिक्ख जनगणना का ऑनलाइन एवं ऑफलाइन अभियान प्रारम्भ किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के सिक्ख समाज का व्यापक डाटा तैयार किया जा सके। इसके साथ ही गुरुद्वारा आलमबाग में विकसित हो रहे स्किल डेवलपमेंट सेंटर की तैयारियों को गति दी जाएगी तथा धर्मांतरण रोकने और तराई क्षेत्र के सिक्खों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तराई क्षेत्र के लंबित मामलों को सरकार के समक्ष उठाने के साथ-साथ श्री अकाल तख्त साहिब की मर्यादा के अनुरूप पावन स्वरूप, सौचिया और धार्मिक साहित्य निःशुल्क उपलब्ध कराने की योजना भी शुरू की जाएगी।कमेटी के चेयरमैन मंजीत सिंह तलवार एवं महासचिव सुरेन्द्र पाल सिंह बक्शी ने संयुक्त रूप से कहा कि सिक्ख समाज को उच्चस्तरीय शिक्षा से जोड़ने के लिए नीट, जेईई, आईएएस तथा पीसीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के कोचिंग सेंटर स्थापित किए जाने चाहिए। साथ ही युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटरों का विस्तार समय की आवश्यकता है।उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह बग्गा ने कहा कि प्रदेश के सभी गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों को एक मजबूत नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे किसी भी सामाजिक या धार्मिक समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। कमेटी के को-ऑर्डिनेटर सरदार गुरप्रीत सिंह बग्गा संगठन विस्तार और प्रदेशव्यापी समन्वय की मुहिम में विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जुलाई में प्रस्तावित 75 जिलों की बैठक में कमेटी के विस्तार, जोन एवं मंडल स्तर पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों के वितरण तथा संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। गुरप्रीत सिंह बग्गा ने कहा कि यूपी सिक्ख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक गुरुद्वारे और प्रत्येक सिक्ख परिवार को एक साझा मंच से जोड़ना है, ताकि समाज की समस्याओं का संगठित और प्रभावी समाधान किया जा सके। उन्होंने प्रदेश के सभी गुरुद्वारा प्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान भी किया।मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह ने जानकारी दी कि आगरा में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में रायबरेली, अमेठी, उन्नाव, बहराइच, गोंडा, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे।