
शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दो अलग-अलग गांवों में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई कर फरार अभियुक्तों में हड़कंप मचा दिया। यह कार्रवाई तरियानी थाना अध्यक्ष विनय प्रसाद के नेतृत्व में तथा अवर निरीक्षक राजाराम कुमार की मौजूदगी में की गई। पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के घर पहुंचकर घरेलू सामान जब्त किए और उन्हें थाना ले आई।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पहले न्यायालय के निर्देश पर इश्तेहार चिपकाया गया था, लेकिन इसके बावजूद वे न तो न्यायालय में उपस्थित हुए और न ही पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। लगातार फरार रहने के कारण न्यायालय ने कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया, जिसके बाद पुलिस ने यह सख्त कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई तरियानी थाना क्षेत्र के बंशी पचरा गांव में की गई, जहां कांड संख्या 263/20 के फरार अभियुक्त लखींद्र राम पिता रामदयाल राम के घर पुलिस पहुंची। न्यायालय के आदेश के तहत घर में रखे सामानों को जब्त कर लिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई बैजनाथपुर गांव में हुई। यहां कांड संख्या 47/2012 के फरार अभियुक्त नजरे आलम पिता मुहम्मद अयूब के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। पुलिस ने घर में मौजूद सामानों को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया।
तरियानी थाना अध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि उन पर दबाव बने और वे जल्द न्यायालय में उपस्थित हों।
