बिहार सरकार दरभंगा राज की संपत्ति अब दखल करेगी

Breaking news News बिहार

  • अंतिम महारानी के निधन के बाद शुरू हुई दखल प्रक्रिया, बनेगी नई नियमावली

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

बिहार में ऐतिहासिक रियासतों में एक दरभंगा राज की संपत्ति को लेकर सरकार अब निर्णायक भूमिका में है।
दरभंगा राज की विरासत पर बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने दखल की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दरभंगा राज की अंतिम महारानी के निधन और उनकी वसीयत नहीं होने की स्थिति ने यह स्थिति उत्पन्न कर दी है। जिसके बाद बिहार सरकार को कानूनी आधार सा मिल गया है है। हालांकि कोई दावेदार खड़े होते हैं तो इस अधिग्रहण प्रक्रिया में बिहार सरकार को परेशानी खड़ी हो सकती है।
जानकारी के अनुसार राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने कामसुंदरी देवी की संपत्ति को लेकर अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार, महारानी के निधन के बाद उनकी संपत्ति के संबंध में कोई स्पष्ट उत्तराधिकारी या कानूनी दस्तावेज सामने नहीं आया है। सरकार ने पहले चरण में आम लोगों से आपत्तियां और दावे आमंत्रित किए हैं। यह प्रक्रिया तय करेगी कि किसी व्यक्ति या संस्था का संपत्ति पर वैध अधिकार है या नहीं।
बता दें कि महारानी कामसुंदरी देवी का निधन 12 जनवरी 2026 को हुआ था और उन्होंने कोई वसीयत शायद नहीं छोड़ी। साथ ही उनकी कोई संतान भी नहीं। ऐसी स्थिति में संपत्ति के उत्तराधिकार को लेकर कानूनी अस्पष्टता बनी हुई है।
राजस्व विभाग का मानना है कि जब तक कोई वैध उत्तराधिकारी सामने नहीं आता, तब तक राज्य सरकार को हस्तक्षेप करने का अधिकार है। यही वजह है कि संपत्ति को सरकारी नियंत्रण में लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।