चंपारण की खबर::देश की अत्याधुनिक रक्षा तकनीकों एवं उपकरणों के मॉडल की तीन दिवसीय प्रदर्शनी 15 से: सांसद

Breaking news News बिहार

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी: डीएम

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी प्रेक्षागृह परिसर में आगामी 15 से 18 अप्रैल तक आयोजित होने वाली रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा आयोजित रक्षा उपकरणों की मॉडल प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उक्त प्रदर्शनी कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आज जिला अतिथि गृह के सभागार में सांसद सह सभापति रक्षा संबंधी स्थायी समिति राधामोहन सिंह के अध्यक्षता में डीआरडीओ एवं जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक हुई।
     जिसमें प्रदर्शनी के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सभी पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों की सुविधा, प्रदर्शनी स्थल की तैयारियां, ट्रैफिक प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
   डीआरडीओ के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रदर्शनी में देश की अत्याधुनिक रक्षा तकनीकों एवं उपकरणों के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। जिससे आमजन विशेषकर छात्र-छात्राओं को रक्षा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी मिल सकेगी। यह प्रदर्शनी युवाओं में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने और उन्हें अनुसंधान एवं नवाचार के प्रति प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
         जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करें, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक एवं सुचारू रूप से किया जा सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। साथ ही प्रदर्शनी स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।  स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि डीआरडीओ एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से यह प्रदर्शनी मोतिहारी में एक ऐतिहासिक एवं सफल आयोजन के रूप में स्थापित होगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल, एसपी स्वर्ण प्रभात, डीआरडीओ के वरिष्ठ अधिकारीगण, डिप्टी मेयर डॉ० लालबाबू प्रसाद एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।