
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
चम्पारण क्षेत्र के डीआईजी हर किशोर राय ने मधुबन अंचल के पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया है। 11 और 12 जुलाई 2026 को चलाए गए विशेष अभियान में मधुबन पुलिस की उल्लेखनीय उपलब्धि को देखते हुए यह सम्मान दिया गया।
अभियान के दौरान मधुबन अंचल पुलिस ने कई बड़ी कार्रवाई की। दो दिनों में कुल 107 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 90 को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इसके अलावा 5 इश्तेहारों का तामील और 2 कुर्की की कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने अभियान में 98 लीटर देसी शराब और 1 कट्टा भी बरामद किया।
डीआईजी हर किशोर राय ने प्रशस्ति-पत्र में इंस्पेक्टर मनोज कुमार की कड़ी मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनकी नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क का नतीजा है। डीआईजी ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वे इसी निष्ठा और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखेंगे।
इस सम्मान के बाद पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। मधुबन पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
