राजद विधायक फैसल रहमान का मोतिहारी में भव्य स्वागत, सभापति बनने पर लोगों ने दी बधाई

Breaking news News बिहार बिहार राजनीति

मोतिहारी , राजन द्विवेदी।

राजद के ढाका विधायक फैसल रहमान गैर सरकारी विधेयक एवं संकल्प समिति के सभापति बनने के बाद पहली बार मोतिहारी पहुंचे। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।मीडिया से बातचीत में विधायक फैसल रहमान ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा उन्हें सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने इस पद को सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी बताया, जिसे वे जनता के हित में गंभीरता से निभाएंगे।
विधायक पर उठ रहे सवालों के संबंध में उन्होंने बेबाक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन क्या कहता या सोचता है। रहमान ने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य ध्यान अपने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान पर केंद्रित है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पूरे बिहार के मुख्यमंत्री हैं, वे किसी एक दल या व्यक्ति के नहीं, बल्कि सभी के हैं। उन्होंने बताया कि अपने क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री से मिलना आवश्यक था, इसी उद्देश्य से उन्होंने मुलाकात की।
राजद नेता तेजस्वी यादव से अब तक मुलाकात न होने के सवाल पर विधायक ने बताया कि तेजस्वी यादव फिलहाल बिहार से बाहर चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। उनके लौटने के बाद वे उनसे भी मुलाकात करेंगे और क्षेत्र के विकास से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह और समर्थन उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।