चंपारण की खबर::जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की विशेष बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

Breaking news News बिहार

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

समाहरणालय स्थित जिला उद्योग केन्द्र भवन के सभागार में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की विशेष बैठक अपर समाहर्ता (लोक शिकायत)शैलेंद्र कुमार भारती की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक राजेन्द्र कुमार पाण्डेय, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र शुभम कुमार, आरसेटी निदेशक बिपिन कुमार, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक, मत्स्य पदाधिकारी, जीविका प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी गण एवं सभी बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान वार्षिक ऋण योजना, ऋण-जमा अनुपात, पीएमईजीपी, पीएमएफएमई, पीएमएसवीए निधि, महिला स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, तथा पशुपालन एवं मत्स्य पालन हेतु केसीसी सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक शुभम कुमार ने PMEGP एवं PMFME की बैंकवार विस्तृत समीक्षा की एवं इस वित्तीय वर्ष के शेष समय में संभावित बैंक वार प्रदर्शन पर चर्चा की गई। जिला साख योजना के अन्तर्गत सभी बैंकों से अपना अपना लक्ष्य पुरा कर जिले का प्रदर्शन बेहतर करने के लिए निर्देश दिए।


महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र ने जानकारी दी कि पीएमईजीपी के अंतर्गत ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रारंभ हो चुका है। ऑफलाइन प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों का विवरण शीघ्र ही पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। अपर समाहर्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रबंधकों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। कहा कि आम जनता के सहयोग से ही सरकारी योजनाओं को सफल बनाया जा सकता है। सभी बैंक आम जनता तक सरकार प्रायोजित योजनाओं पहुंचाने में अपनी अहम भूमिका अदा करें।
अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि प्राप्त सभी आवेदनों को तत्परता से संबंधित बैंकों को प्रेषित किया जाता है। उन्होंने जीविका के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के सभी 27 प्रखंडों के दौरे के दौरान उन्हें कहीं से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। अगले वित्तीय वर्ष 26-27 के लिए नाबार्ड के PLP बुकलेट का विमोचन किया गया। अंत में, अग्रणी जिला प्रबंधक ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया।