नवादा की बेटी श्रेया सिंह ने इंटर में लहराया परचम, 412 अंक लाकर जिले को किया गौरवान्वित

Breaking news News बिहार शिक्षा

नवादा: बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में नवादा के छात्र-छात्राओं का जलवा कायम है। इसी कड़ी में नवादा के प्रमुख भाजपा नेता व समाजसेवी मनोज सिंह चंद्रवंशी एवं बबीता देवी की पुत्री श्रेया सिंह ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में 412 अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का परिचय दिया है। श्रेया की इस सफलता से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे जिले में उनकी सराहना हो रही है।

कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम
श्रेया सिंह ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और अपने शिक्षकों के कठिन परिश्रम को दिया है। श्रेया ने बताया कि वह भविष्य में देश की सेवा करना चाहती हैं और इस दिशा में यह सफलता उनका पहला कदम है। बता दें कि मैट्रिक परीक्षा में भी उनका बेहतर परिणाम आया था।

श्रेया की इस उपलब्धि पर उनके पिता मनोज सिंह एवं माता बबीता चंद्रवंशी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। श्रेया ने मेहनत और लगन से अपनी पहचान बनाई है और मुझे गर्व है कि उसने हमारे परिवार और नवादा जिले का मान बढ़ाया है।

भाजपा नेता की पुत्री की इस सफलता पर जिले के कई गणमान्य व्यक्तियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने हर्ष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि श्रेया जैसी बेटियां समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत से नए आयाम स्थापित कर रही हैं।