
– विधायक ने अधिकारियों संग लिया महोत्सव कार्यक्रम स्थल का जायजा
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जिले के ऐतिहासिक स्थल केसरिया में हर साल की तरह इस वर्ष भी तीन दिवसीय केसरिया महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन बिहार दिवस के अवसर पर 21 मार्च से प्रारंभ होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। भव्य पंडाल के निर्माण के साथ आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच कई विधाओं के कार्यक्रमों की रूप रेखा तैयार की गई है। इसी क्रम में आज केसरिया विधानसभा की विधायक शालिनी मिश्रा ने चकिया अनुमंडल पदाधिकारी शिवानी शुभम व जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी के साथ केसरिया महोत्सव आयोजन स्थल पर महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। बता दें कि केसरिया महोत्सव का आयोजन 21,22 एवं 23 मार्च को किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने आयोजन स्थल पर आगमन एवं निकास की समुचित व्यवस्था रखने की बात कही। ताकि महोत्सव में आने वाले किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी ना हो। उन्होंने कहा कि आयोजन को इस तरह से भव्य रूप दिया जाए कि यहां आने वाले सभी नागरिक यहां से एक अच्छा संदेश लेकर जाएं।
अभी पंडाल निर्माण का कार्य किया जा रहा है। उप विकास आयुक्त ने वहां पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चल रही तैयारियों के विषय में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि पंडाल निर्माण का कार्य एवं आसपास साफ सफाई का कार्य ससमय पूरा कर लिया जाए। उप विकास आयुक्त ने बैठक में विधि व्यवस्था सहित भीड़ नियंत्रण की समीक्षा की एवं इसको लेकर सभी जरूरी निर्देश दिए। कहा कि स्थल चिन्हित कर ड्रॉप गेट भी लगाया जाए ताकि समय-समय पर वहां निर्देशानुसार कार्य किया जा सके।
महोत्सव के पहले दिन 21 मार्च को संध्या 5:00 बजे महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। तत्पश्चात संध्या 6:30 बजे से सुप्रसिद्ध गायिका मालिनी अवस्थी एवं सुप्रसिद्ध सूफी गायक कुमार सत्यम का कार्यक्रम होगा। 22 मार्च को 3:00 बजे से बौद्ध धर्म पर परिचर्चा एवं संध्या के 7:00 बजे से भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। महोत्सव के अंतिम दिन 23 मार्च को संध्या 6:30 बजे से सुप्रसिद्ध बॉलीवुड गायक ऐश्वर्य पंडित एवं अतुल पंडित का कार्यक्रम रखा गया है।
वहीं विधायक ने महोत्सव स्थल पर चल रहे कार्यों को भी देखा और वहां उपस्थित पदाधिकारी से बात कर सभी जरूरी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना का प्रचार प्रसार व्यापक रूप में किया जाए। ताकि महोत्सव में आने वाले लोग सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी केसरिया, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, जीविका,विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
